टिहरी स्थित प्रतापनगर के देवल गाँव के रहने वाले18 वर्षीय केतन लाल की लम्बगांव क्षेत्र में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, केतन की पड़ोसी गाँव खोलगढ़ की एक सामान्य जाति की लड़की से पिछले छह महीनों से दोस्ती थी, जिसका लड़की के परिजन कड़ा विरोध कर रहे थे। उन्होंने केतन को बातचीत बंद करने की चेतावनी भी दी थी। आरोप है कि रविवार रात लड़की के परिजनों ने उस पर दबाव बनाकर केतन को धोखे से अपने गाँव बुलवाया।
रात करीब 11:30 बजे केतन अपने 22 वर्षीय दोस्त दिवाकर डिमरी के साथ बाइक से प्रेमिका के गाँव पहुँचा। वहाँ पहले से घात लगाकर बैठे किशोरी के परिजनों ने दोनों युवकों को दबोच लिया और एक कमरे में बंद कर रात भर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए केतन की प्रेमिका के सामने ही दोनों को अधमरा कर दिया।
अगली सुबह आरोपियों ने खुद केतन के पिता धनपाल लाल को उसी के मोबाइल से फोन कर धमकी भरे लहजे में कहा कि अपने बेटे को यहाँ से उठा ले जाओ। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुँचे और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान केतन ने दम तोड़ दिया।
वहीं, उसके दोस्त दिवाकर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर किया गया है। लम्बगांव के प्रभारी थाना अध्यक्ष शिवराम ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के मुख्य आरोपी यशवीर सिंह को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एससी-एसटी एक्ट और हत्या की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है। इस ऑनर किलिंग की घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है।

