उत्तराखंड चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस का नया दांव, कुमारी सैलजा कर सकती हैं नई PCC टीम का एलान

ख़बर शेयर करें

कांग्रेस पार्टी वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में सत्ता वापसी के लिए अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गई है। इस बार हाईकमान के निर्देश पर पार्टी एक ‘छोटी टीम’ बनाकर नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने और उनकी जवाबदेही तय करने की तैयारी कर रही है।

उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर 17 जून को सुबह 10 बजे देहरादून पहुंच रहीं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा इस नई प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) कार्यकारिणी की घोषणा कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में NEET की तैयारी कर रही 23 वर्षीय छात्रा ने की खुदकुशी, फंदे से लटकता मिला शव

वे कांग्रेस भवन में जिला व महानगर अध्यक्षों, सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, पूर्व मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ ‘वन टू वन’ मुलाकात कर संगठनात्मक व चुनावी रणनीति पर महत्वपूर्ण फीडबैक लेंगी। वर्ष 2021 के बाद से पीसीसी में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था, जिसके चलते पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई द्वारा भेजी गई सूची के आधार पर नई टीम का खाका तैयार कर लिया है।

यह भी पढ़ें -  अमेरिका-इरान शांति समझौता: मध्य पूर्व में 107 दिनों बाद थमेगा युद्ध, भारत को मिलेगी बड़ी आर्थिक राहत

इस नई कार्यकारिणी में संतुलन बनाना कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती है क्योंकि वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग पदों के लिए अपने पसंदीदा नामों की पैरवी की है। सूत्रों के मुताबिक, जहां 2021 की पीसीसी में 200 से अधिक पदाधिकारी शामिल थे, वहीं इस बार की नई कार्यकारिणी में केवल एक अध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष, आठ उपाध्यक्ष, 22 महासचिव और 40 सचिव होने की संभावना है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर सभी नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मिली हार का सूखा खत्म करने और पार्टी में गुटबाजी को रोकने के लिए हाईकमान का यह ‘स्मॉल एंड इंपैक्टफुल टीम’ का फॉर्मूला उत्तराखंड कांग्रेस की भविष्य की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक माना जा रहा है।