देहरादून। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और ट्रेकिंग को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैंप कार्यालय से राज्य के 100 प्रमुख ट्रेक और हाइक रूट्स की GPS/GIS मैपिंग एवं तकनीकी सर्वेक्षण अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की यह विशेषज्ञ टीम धरातल पर जाकर चयनित ट्रेक रूट्स का सर्वे करेगी और उनकी वैज्ञानिक तरीके से डिजिटल मैपिंग तैयार करेगी। इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मैपिंग के आधार पर एक विशेष ऑफलाइन और ऑनलाइन GPS नेविगेशन ऐप विकसित किया जाएगा।
यह ऐप उन दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में भी काम करेगा जहाँ मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होता। इसके जरिए ट्रेकर्स नेटवर्क न होने पर भी अपने मोबाइल पर ट्रेल और रास्ते से जुड़ी सटीक जानकारी हासिल कर सकेंगे। इस तरह का ऐप तैयार करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा।

अभियान के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से कम प्रसिद्ध और दूरस्थ ट्रेक रूट्स को भी विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने में मदद मिलेगी। सरकार के लिए पर्यटन के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम धामी ने बताया कि ट्रेक रूट्स की सटीक मैपिंग से आपातकालीन स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाए जा सकेंगे। इसके अलावा, राज्य की संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ही विकास कार्य किए जाएंगे।

इस परियोजना से सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों में तेजी आएगी। इससे स्थानीय युवाओं को गाइडिंग, होमस्टे संचालन और स्थानीय परिवहन के जरिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजना में स्थानीय निवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सर्वेक्षण के दौरान टीम ट्रेक रूट्स पर कैंप साइट्स, कूड़ेदान और शौचालयों के लिए उपयुक्त स्थान भी चिह्नित करेगी। इससे योजनाबद्ध तरीके से कचरा प्रबंधन संभव हो सकेगा। साथ ही, कम प्रसिद्ध क्षेत्रों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए DPR और कॉफी टेबल बुक भी बनाई जाएगी।
इस फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रुहेला, अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद समेत उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

