देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास को रफ्तार देने के साथ धार्मिक स्थलों और आपदा प्रभावितों के लिए खजाना खोल दिया है। राज्य सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण, मंदिर जीर्णोद्धार और आपदा पीड़ितों के मुआवजे के लिए कई करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इस फैसले से उत्तरकाशी, देहरादून, पिथौरागढ़, चंपावत, पौड़ी, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर जिलों को सीधा फायदा मिलेगा।
धराली के आपदा प्रभावितों को राहत कोष से मिली मदद
उत्तरकाशी जिले की भटवाड़ी तहसील स्थित धराली गांव में प्राकृतिक आपदा से तबाह हुए 13 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भवनों के स्वामियों को मुआवजा दिया गया है। कुल ₹1.24 करोड़ की राहत राशि में से पूर्व में दिए गए ₹3.12 लाख का समायोजन करते हुए, शेष ₹1.21 करोड़ की धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी कर दी गई है।
देहरादून में बीजापुर नहर का होगा कायाकल्प
राजधानी देहरादून की महत्वपूर्ण बीजापुर नहर के हैड के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। इसके लिए अमृत योजना के तहत ₹4.95 करोड़ की योजना को हरी झंडी दे दी गई है। इसके अलावा चंपावत के ग्राम पंचायत मैरोली और बड़पास में आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए ₹3.89 करोड़ के बजट में से पहली किस्त के रूप में ₹1.87 करोड़ जारी किए गए हैं।
पिथौरागढ़ और चंपावत में सड़कों व स्मारक के लिए बजट
पिथौरागढ़ के डीडीहाट स्थित सिरड में नैनीपातल से नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी सड़क निर्माण के लिए ₹79.87 लाख मंजूर हुए हैं। चंपावत के लोहाघाट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. कल्याण सिंह अधिकारी की मूर्ति स्थापना हेतु ₹32.49 लाख और सेलागाड से कोटकेन्द्री संपर्क मार्ग के लिए ₹40.53 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
प्रसिद्ध मंदिरों के सौंदर्यकरण को भी मिला फंड
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा के जागेश्वर में भीमादेवी मंदिर हेतु ₹98.50 लाख और सल्ट के मल्ली मनिला मंदिर के लिए ₹98.80 लाख दिए गए हैं। पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर के लिए शेष ₹39.31 लाख और सैम मंदिर के कायाकल्प हेतु ₹59.80 लाख स्वीकृत हुए हैं। पौड़ी के यमकेश्वर स्थित मां बाल कुँवारी मंदिर के लिए ₹39.30 लाख की शेष राशि जारी की गई है।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र स्थित ग्राम रामबाग हरिपुरा व पंचाननपुर में गोविंद मंदिर, मसीत मंदिर और धर्मशाला निर्माण के लिए ₹2.54 करोड़ की कुल योजना में से पहली किस्त ₹1.01 करोड़ जारी कर दी गई है। इन विकास कार्यों से क्षेत्रीय इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने के साथ स्थानीय निवासियों को सीधी सुविधाएं मिलेंगी।

