टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में जौनपुर ब्लॉक के नैनबाग क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बड़ा हादसा हुआ है। चकराता-त्यूनी-मसूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिम्टा बैंड के पास भूस्खलन होने से हाईवे का करीब 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
सुबह करीब 6:30 बजे हुए इस भूस्खलन के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे मसूरी, धनोल्टी, चकराता और देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई और सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की जानकारी देते हुए भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सजवाण और स्थानीय निवासी गंभीर सिंह रावत ने बताया कि हाईवे कटने से सैकड़ों यात्री और स्थानीय लोग रास्ते में ही फंस गए।
मार्ग ठप होने की सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कैम्पटी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत यातायात को परिवर्तित कराया। कैंपटी थानाध्यक्ष योगेंद्र गुसाईं ने बताया कि स्थिति को देखते हुए बड़े वाहनों को मसूरी बैंड से यमुना पुल-विकासनगर मार्ग से देहरादून की तरफ डायवर्ट किया गया।
एनएच के अधिकारियों ने सड़क बहाल करने के लिए मौके पर दो जेसीबी मशीनें तैनात कीं। पहाड़ी को काटकर नया रास्ता बनाने का काम तुरंत शुरू किया गया। लगभग 5:30 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दोपहर करीब 12:00 बजे पहाड़ी काटकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया। इसके बाद फंसे हुए वाहनों को धीरे-धीरे निकाला गया।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में छोटे वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया गया है, जबकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों को अभी भी यमुना पुल-विकासनगर रूट से ही भेजा जा रहा है।

