उत्तराखंड में कृषि और किसानों के विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। देहरादून में कैंप कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को 1 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ को पूरी तरह सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
इस बैठक में अधिकारियों द्वारा कृषि मंत्री को सूचित किया गया कि केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड की ‘घेरबाड़ योजना‘ के लिए घोषित किए गए कुल 90 करोड़ रुपये के बजट में से पहली किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये की राशि राज्य को प्राप्त हो गई है।
कृषि मंत्री ने इस बजट का सही इस्तेमाल करने और इसे सीधे किसानों की भलाई से जोड़ने की बात कही है। इस बैठक में कृषि सचिव एसन पांडे, कृषि एवं उद्यान महानिदेशक वंदना सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक उद्यान आरके सिंह और निदेशक कैंप नृपेंद्र चौहान सहित विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया है कि घेरबाड़ योजना के तहत केंद्र से उपलब्ध हुए इस बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस योजना का क्रियान्वयन इस प्रकार होना चाहिए जिससे राज्य के अधिक से अधिक जरूरतमंद किसानों को इसका सीधा लाभ मिल सके और उनकी फसलें सुरक्षित हो सकें। बजट के उपयोग में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी ताकि योजना का उद्देश्य समय पर पूरा हो सके।
इस अभियान कृषि मंत्री ने राज्य की ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने पर विशेष बल दिया है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को पारंपरिक पद्धतियों से हटकर प्राकृतिक और संतुलित खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि किसान न सिर्फ अपनी फसलों की सुरक्षा करें, बल्कि ऐसी कृषि तकनीकों को सीखें जो जमीन की उर्वरता बढ़ाने और स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर फसलें उगाने में मददगार साबित हों।
वहीं राज्य सरकार खेती को आधुनिक और मौसम के प्रभावों से सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश में पॉलीहाउस निर्माण पर बड़ा ध्यान दे रही है। बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि राज्य भर में पॉलीहाउस निर्माण से जुड़े जितने भी कार्य चल रहे हैं, उन्हें पूरी गति के साथ युद्धस्तर पर संचालित किया जाए।

