पछुआदून के त्यूणी क्षेत्र में पहचान छिपाकर पहले दोस्ती करने और फिर दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम देने के बढ़ते मामलों को लेकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर सोमवार को रुद्र सेना के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने त्यूणी मुख्य बाजार में एकत्रित होकर एक विशाल विरोध रैली निकाली।
प्रदर्शनकारियों ने बाजार में मार्च करते हुए लव जिहाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन से महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
सत्यापन अभियान को कड़ा करने की मांग
विरोध प्रदर्शन के दौरान रुद्र सेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने क्षेत्र में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और इस दिशा में प्रशासन से अधिक गंभीरता से काम करने का आग्रह किया। उन्होंने मांग उठाई कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाए और बाहरी व्यक्तियों के लिए एक सघन तथा प्रभावी सत्यापन अभियान चलाया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने यह बात रखी कि क्षेत्र के होटलों की निगरानी बढ़ाई जाए, किराएदारों के सत्यापन को पूरी सख्ती से लागू किया जाए और बाहर से आने वाले हर व्यक्ति का पूरा रिकॉर्ड रखा जाए। इस पूरी रैली और सभा के दौरान संगठन मंत्री भानु प्रताप सिंह राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, त्यूणी अध्यक्ष मनोज बिजल्वाण, उपाध्यक्ष विजयपाल डोभाल सहित चंदर साल्टा, त्रिलोक पांडे और सोहन सिंह जैसे कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
इस पूरे जनाक्रोश के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी को दबोच लिया है। त्यूणी तहसील क्षेत्र के एक निवासी ने रविवार को पुलिस थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर अपना नाम बदलकर उनकी नाबालिग बेटी को अपने झांसे में लिया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी अनस, जो कि कुल्हान का निवासी है, उसे चकराता रोड स्थित ग्राम सुखेड़ से गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे कोर्ट के माध्यम से जेल भेज दिया है।

