देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 27 और 28 नवंबर को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के साथ हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में पाला गिरने और कोहरा छाने से प्रदेश में ठंड बढ़ने वाली है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सर्दी का असर धीरे-धीरे तेज हो रहा है, जिससे सुबह और रात के समय लोगों की मौसमी दुश्वारियां बढ़ सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े बदलाव या दिसंबर की शुरुआत तक बारिश की संभावना से इनकार किया है।
जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न का सीधा असर उत्तराखंड के तापमान में दिखाई दे रहा है। बीते 14 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो पहाड़ से लेकर मैदान तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए गए हैं। दिन में तापमान सामान्य से अधिक रहने के बावजूद रात और सुबह की ठिठुरन बढ़ने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान में साफ किया गया है कि 27 और 28 नवंबर को पर्वतीय इलाकों में पाले का असर सबसे ज्यादा रहेगा। विशेष रूप से खुले और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पाला गिरने से तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है। इसके साथ ही मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने से सुबह और रात के समय दृश्यता तथा ठंड का असर बढ़ सकता है।
जहां एक ओर दो दिनों तक पाले और कोहरे की चेतावनी दी गई है, वहीं दूसरी ओर बारिश को लेकर अभी इंतजार लंबा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 और 28 नवंबर के बाद 29 नवंबर से दो दिसंबर तक पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। पूर्वानुमान में स्पष्ट है कि दिसंबर की शुरुआत तक प्रदेश में कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं।
बृहस्पतिवार के मौसम की स्थिति देखें तो प्रदेश भर में दिन भर चटक धूप खिली रही, जिससे लोगों को दिन के समय ठंड का अहसास कम हुआ। बृहस्पतिवार को दिन के तापमान के साथ रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया था। धूप खिलने के कारण दिन में मौसम सुहावना रहा, लेकिन शाम ढलते ही ठंडक का असर फिर बढ़ने लगा।
कुल मिलाकर उत्तराखंड में इस समय दिन की तेज धूप और सुबह-रात की बढ़ती ठंड के बीच तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 27 और 28 नवंबर को पहाड़ में पाले और तराई-भाबर के हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर जिलों में कोहरे के कारण सर्दी का असर और गहराने की संभावना है। इसके बाद दो दिसंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने से फिलहाल बिना बारिश के ही सूखी ठंड का दौर जारी रहेगा।

