देहरादून। उत्तराखंड में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के नेतृत्व में चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से रूबरू कराने और उनके संशय दूर करने के लिए पूरे प्रदेश में ईवीएम और वीवीपैट जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इस पहल से राज्य की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के आम मतदाताओं को सीधे तौर पर जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने राज्य के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस लोकतांत्रिक उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता केंद्रों पर आकर मतदान की पूरी प्रक्रिया को करीब से समझें। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह जागरूकता अभियान चुनाव कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा होने तक जमीन पर संचालित होगा। चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद मतदाता जागरूकता का प्रचार-प्रसार केवल डिजिटल माध्यमों से ही किया जाएगा।
आम जनता को वोट डालने का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर जाकर कोई भी नागरिक मशीन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देख सकता है। मुख्यालयों के अलावा राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों के दूरस्थ गांवों, मोहल्लों और वार्डों तक पहुंचने के लिए मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन रवाना की गई हैं। इन वैन के माध्यम से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के मतदाताओं तक चुनाव आयोग की टीम सीधे पहुंच रही है।
अभियान के तहत मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच पूरी होने के बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण के लिए मशीनें निकाली गई हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार प्रशिक्षण कार्यों के लिए 974 बैलेट यूनिट, 974 कंट्रोल यूनिट और 974 वीवीपैट मशीनें निकाली गई हैं।
पूरी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निकाली गई सभी मशीनों की सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है। तय प्रोटोकॉल के तहत इन सभी मशीनों को सामान्य स्ट्रॉन्ग रूम से अलग निर्धारित वेयरहाउस में सुरक्षित रखा जाएगा। जमीनी स्तर पर अभियान की सफलता और प्रगति का आकलन करने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था बनाई गई है। सभी जिलों से साप्ताहिक और पाक्षिक आधार पर मॉकपोल तथा अभियान में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की संख्या की रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाएगी।
प्रदेश के पांच प्रमुख जिलों देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, पिथौरागढ़ और चंपावत में 16 नवंबर से ही इस जागरूकता कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल, चमोली, उत्तरकाशी, ऊधमसिंह नगर और रुद्रप्रयाग जिलों में भी चरणबद्ध तरीके से मतदाता जागरूकता अभियान जोरों पर चल रहा है।

