देहरादून। स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियों से बेहतर ढंग से निपटने के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ दिल्ली के साथ एक करार किया है। यह करार बृहस्पतिवार को दिल्ली में हुआ, जिसके तहत दोनों संस्थान मिलकर पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट में एग्जीक्यूटिव पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम चलाएंगे। इस समझौते का सीधा असर सेवारत डॉक्टरों और अन्य चिकित्साकर्मियों पर पड़ेगा, जो अपनी नौकरी जारी रखते हुए यह कोर्स कर सकेंगे।
यह पाठ्यक्रम मौजूदा स्वास्थ्यकर्मियों को उनके काम में और अधिक दक्ष बनाने के लिए तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस कोर्स के बाद स्वास्थ्यकर्मी अपने अस्पतालों की मौजूदा क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए लोगों की ज्यादा सेवा कर पाएंगे।
एचएनबीयूएमयू देहरादून और आईआईपीएच दिल्ली के सहयोग से शुरू होने वाला यह एक वर्षीय ब्लेंडेड लर्निंग कार्यक्रम जनवरी 2027 से प्रारंभ होगा। यह कोर्स यूनिवर्सिटी के कैंपस से संचालित किया जाएगा, जबकि डॉक्टर ऑनलाइन माध्यम से भी इससे जुड़ सकेंगे।
इस करार को लेकर एचएनबीयूएमयू के कुलपति प्रो. डॉ. भानु दुग्गल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और असर बढ़ाने के लिए कर्मियों का लगातार कौशल विकास बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि इसी मकसद से यह कोर्स शुरू किया जा रहा है, ताकि जन स्वास्थ्य प्रबंधन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सही ढंग से लागू करने, बेहतर योजना बनाने और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने में मदद मिल सके।
आईआईपीएच दिल्ली की निदेशक प्रो. डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी जन स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगी। उनके मुताबिक, इससे डॉक्टरों को जन स्वास्थ्य की चुनौतियों, स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रबंधन और उन्हें प्रभावी तरीके से लागू करने की समझ और मजबूत होगी।
स्वास्थ्य निदेशालय उत्तराखंड के कोर्स निदेशक डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि इस कोर्स से प्रतिभागियों की कई अहम क्षेत्रों में क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की योजना बनाने व उन्हें लागू करने, रोग निगरानी और महामारी प्रबंधन में दक्षता आएगी।
डॉ. पंकज सिंह के अनुसार, इस पाठ्यक्रम से प्रतिभागियों में स्वास्थ्य नीति, स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और तथ्यों के आधार पर फैसले लेने की क्षमता भी विकसित होगी। नौकरी के साथ जुड़ने की सुविधा होने के कारण यह एक वर्षीय ब्लेंडेड कार्यक्रम जनवरी 2027 से सेवारत चिकित्साकर्मियों के लिए पेशेवर तैयारी का एक ठोस जरिया बनेगा।

