देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने एक कार्यक्रम में कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के इस आयोजन में उन्होंने मरीजों को दवाओं की सही जानकारी, उचित खुराक और सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया, जिसका सीधा असर उपचार की गुणवत्ता और मरीज सुरक्षा पर पड़ता है।
राज्यपाल ने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक लेने और तय अवधि से पहले दवा बंद करने से रोगाणुरोधी प्रतिरोध बढ़ता है। डॉ. बिसेन के अनुसार फार्मासिस्ट लोगों को दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक कर इस चुनौती से निपटने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और जनऔषधि परियोजना से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी है और जनऔषधि केंद्रों पर किफायती जेनेरिक दवाएं मिल रही हैं।
कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं व दवाएं पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और उचित उपयोग की जानकारी देकर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। साथ ही उत्तराखंड की जैव विविधता तथा औषधीय व सुगंधित वनस्पतियों में फार्मेसी और अनुसंधान की व्यापक संभावनाएं हैं।

