देहरादून। उत्तराखंड में 27 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में मानदेय बढ़ोतरी और राहत से जुड़े प्रस्तावों पर फैसला हो सकता है। सरकार ने एक दिसंबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा, भोजनमाताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने की घोषणा की है, जिसका असर इन कर्मियों व उनके परिवारों पर पड़ेगा।
कल 27 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में इन वर्गों के मानदेय बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। राज्य सरकार विभिन्न वर्गों को राहत देने वाले अन्य प्रस्तावों पर भी निर्णय ले सकती है। बैठक में बैणी-भुली योजना के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि देने के प्रस्ताव पर भी फैसला संभव है। महिला समूहों के लिए यह योजना अहम मानी जा रही है।
इसके अलावा छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने पर निर्णय लिया जा सकता है। सीएम धामी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक पर मानदेय बढ़ोतरी, महिला प्रोत्साहन और सरचार्ज माफी से जुड़े लाभार्थियों की नजर है। 27 नवंबर की बैठक के बाद ही प्रस्तावों पर अंतिम फैसले की स्थिति स्पष्ट होगी।

