देहरादून। उत्तराखंड में 2027 की शुरुआती तिमाही में विधानसभा चुनाव भी होने हैं और कुंभ मेले का दिव्य और भव्य आयोजन भी होना है। सरकार के कांधो पर बड़ी जिम्मेदारी है। इन जिम्मेदारियो को सलीके से सरकार तभी निभा पाएगी जब मोर्चों पर अपने फर्ज़ को समझने वाले और जनता के बीच भरोसेमंद और काबिल अधिकारी तैनात हों। इसी के मद्देनजर उत्तराखंड शासन में बीते बुधवार को दर्जनभर आईएएस अफसरों के महकमों में बदलाव हुआ है।
कुछ के कांधों से जिम्मेदारी हटाई गई जबकि कुछ के काबिल कंधों पर और जिम्मेदारी दी गई। डा.आर राजेश कुमार भी उन्ही काबिल अधिकारियों की कतार में शामिल हैं जिनका रिपोर्ट कार्ड सरकार की नजर में लाजवाब है। माना जाता है कि जो भी जिम्मेदारी उऩ्हें दी गई लोकसेवक होने के नाते उन्होने बेहतरीन तरीके से उसे अंजाम दिया।
उत्तराखंड के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आर. राजेश कुमार के पास पहले से सचिव, आवास और सचिव, शहरी विकास जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी है, जिसमें अब शासन के ताजा फेरबदल के तहत उन्हें सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म का नया दायित्व भी सौंप दिया गया है। इस तरह उनके पास अब आवास और शहरी विकास के साथ-साथ खनन विभाग की भी मुख्य जिम्मेदारी आ गई है। मतलब साफ है कि डाक्टर आर राजेश कुमार की काबिलियत पर सरकार को बेहद भरोसा है।

