उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विकास यात्रा और डबल इंजन सरकार के कार्यों का लेखा-जोखा पेश करते हुए भाजपा का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। सीएम धामी द्वारा पेश किए गए इस रिपोर्ट कार्ड में महिला, युवा, किसान, पूर्व सैनिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़े आंकड़े रखे गए हैं, जिनका असर प्रदेश के नागरिकों और आगामी राजनीतिक विमर्श पर पड़ेगा।


महिलाओं का बढ़ा मान, आत्मनिर्भरता से नई पहचान
महिला सशक्तिकरण के तहत सीएम धामी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का जिक्र है। इसके अनुसार प्रदेश में 3.5 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनीं और 5.19 लाख महिलाएं 70,767 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं। रिपोर्ट कार्ड में नंदा गौरा योजना से 3 लाख बेटियों की पढ़ाई के लिए 968 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद और करीब 2 लाख अंत्योदय परिवारों को सालाना 3 मुफ्त सिलेंडर रीफिल देने की बात कही गई है।

रोजगार के बढ़ते कदम, स्वरोजगार से सक्षम हम
रोजगार के मोर्चे पर सीएम धामी की सरकार के रिपोर्ट कार्ड में 36,000 युवाओं को सरकारी नौकरी और 20,000 नए लघु उद्योगों से 1.1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने का दावा किया गया है। इसके मुताबिक 2025 में एमएसएमई रोजगार संख्या 4,56,605 पहुंची और स्टार्टअप 1,750 से अधिक हुए।


सशक्त युवा, सशक्त उत्तराखंड
युवा और खेल क्षेत्र में नकल विरोधी कानून 2023 लागू होने, 100 दोषियों की गिरफ्तारी और 2025 के राष्ट्रीय खेलों में 103 पदकों के साथ 7वें स्थान का उल्लेख है। पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी भर्ती में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय के निर्माण की बात भी शामिल है।

पूर्व सैनिकों का उत्कृष्ट योगदान, अब सेवा का सम्मान
पूर्व सैनिकों व शहीदों के संदर्भ में शहीदों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये और परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि 2 करोड़ रुपये करने का ब्योरा है। देहरादून में सैन्य धाम निर्माण और अग्निवीरों को ग्रुप-C वर्दीधारी पदों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का भी जिक्र है।

समृद्ध किसान, प्रदेश का अभियान
किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि से 8.06 लाख से अधिक किसानों को 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलने की जानकारी दी गई है। मंडुवा खरीद मूल्य 2,500 से बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल करने और राज्य में 27 उत्पादों को जीआई टैग मिलने का भी उल्लेख है।

गाँव-गाँव उपचार, स्वस्थ उत्तराखंड का आधार
स्वास्थ्य व शिक्षा में अटल आयुष्मान से 63 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज सुविधा, हेली एम्बुलेंस सेवा और जुलाई 2026 में उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य घोषित होने का तथ्य दिया गया है। साथ ही 250 मदरसे बंद करने, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की शुरुआत और 245 अवैध मदरसे सील करने की बात कही गई है।

आध्यात्मिक पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म
पर्यटन व संपर्क में 2025 में 6 करोड़ से अधिक पर्यटकों, 2026 की चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और कांवड़ मेला 2026 में 4.8 करोड़ कांवड़ियों के पहुंचने का आंकड़ा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से सफर 2.5 घंटे होने और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 85 प्रतिशत काम पूरा होने का जिक्र भी किया गया है।


मूलस्वरूप का सम्मान, संस्कृति हमारी पहचान
कानून व शासन के तहत सीएम धामी सरकार द्वारा यूसीसी, सख्त भू-कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू करने, 538 अवैध मजारें हटाने व 13,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त करने का विवरण है। रिपोर्ट में वार्षिक बजट 1.19 लाख करोड़ रुपये होने और खनन राजस्व 300 करोड़ से बढ़कर 1,200 करोड़ रुपये पहुंचने की जानकारी भी दी गई है।


