देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और सीमांत जिलों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महत्वपूर्ण जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री ने पत्र लिखकर राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग-09, राष्ट्रीय राजमार्ग-109K और राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के चौड़ीकरण कार्यों की ताजा स्थिति स्पष्ट की है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सितंबर 2026 में केंद्रीय मंत्रालय को एक पत्र भेजा था। इसमें उन्होंने टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के तहत बनने वाली स्केप टनलों को दो लेन मोटर वाहन यातायात के लायक बनाने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री के इसी आग्रह के जवाब में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड की प्रमुख सड़क परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की है। पत्र के अनुसार, कुमाऊं और गढ़वाल के कई अहम राजमार्गों का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्सों को वर्ष 2027-28 तक स्वीकृति देने का लक्ष्य है।
कुमाऊं क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तहत टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर लंबे मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण कार्य पूरा हो गया है। इस रूट पर 10 किलोमीटर लंबे चम्पावत बाईपास का निर्माण चल रहा है, वहीं लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास के बाकी कार्यों को वर्ष 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी तरह, राष्ट्रीय राजमार्ग-109K पर जौलजीबी से बागेश्वर के बीच लगभग 190 किलोमीटर सड़क को बेहतर बनाया जा रहा है। इसमें जौलजीबी से बंगापानी तक 29 किलोमीटर हिस्से के काम को स्वीकृति मिल चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-109K के बचे हुए हिस्से यानी बंगापानी से बागेश्वर तक लगभग 160 किलोमीटर मार्ग की डीपीआर तैयार कर ली गई है। केंद्रीय मंत्रालय ने इस हिस्से के चौड़ीकरण कार्य को वर्ष 2027-28 में स्वीकृत करने की योजना बनाई है।
गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक 108 किलोमीटर लंबे मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण की डीपीआर भी पूरी हो गई है। गडकरी ने अपने पत्र में बताया है कि इस सड़क परियोजना को भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य तय किया गया है। चारधाम यात्रा मार्ग के लिहाज से महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर सड़क का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। इससे गंगोत्री धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन सुगम हो गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के अगले चरण में उत्तरकाशी से गंगोत्री तक कुल 100 किलोमीटर सड़क में से 14 किलोमीटर हिस्से के कार्य को स्वीकृति दे दी गई है। इस मार्ग के शेष 86 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण को वर्ष 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य निर्धारित है।
केंद्र सरकार की इस पहल और राजमार्ग विकास में मिल रहे सहयोग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में मजबूत सड़क कनेक्टिविटी तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ा होने से स्थानीय लोगों की यात्रा आसान होगी। इसके साथ ही प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय व्यापार और सीमांत क्षेत्रों की सामरिक मजबूती को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

