मतदाता सूची से कटे पुराने नामों पर चुनाव आयोग का स्पष्टीकरण: बिना डर भरें फॉर्म-6, नहीं होगी कानूनी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

देहरादून। चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण की ड्राफ्ट मतदाता सूची से कटे या छूटे पुराने मतदाताओं को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इससे उन पुराने मतदाताओं और ईआरओ पर असर पड़ेगा, जो नाम जुड़वाने और कानूनी कार्रवाई के डर को लेकर असमंजस में थे।

निर्देशों के मुताबिक ड्राफ्ट सूची से नाम कटने पर पुराने मतदाता बिना डर नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म-6 व घोषणा पत्र भर सकते हैं। आयोग ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में पुराने मतदाताओं पर कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को भेजे पत्र में कहा है कि नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने में घबराने की जरूरत नहीं है। आयोग को पता चला था कि सूची से नाम गायब होने के बावजूद कई पुराने मतदाता फॉर्म-6 भरने से हिचकिचा रहे थे।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: मुख्यसेवक सदन में सीएम धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत का भी किया विमोचन

फॉर्म-6 में आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। इसी वजह से पुराने मतदाताओं को डर था कि इसे गलत घोषणा मानकर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा-31 के तहत मुकदमा दर्ज हो सकता है। आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि पूर्व में मतदाता रहने के बावजूद ड्राफ्ट सूची से नाम कटने पर फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं है। हाईकोर्ट ने ऐसे आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा था।

यह भी पढ़ें -  भीमताल झील के संरक्षण के लिए SARRA का बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण पूरा, गहराई और गाद का होगा सटीक आकलन

इसके आधार पर आयोग ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट रोल में नाम न होने पर अंतिम सूची में नाम जुड़वाने के लिए नए सिरे से फॉर्म-6 भरना होगा, चाहे आवेदक पहले मतदाता रहा हो। केवल पहले पंजीकृत होने के आधार पर इसे गलत घोषणा नहीं माना जाएगा। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि इस आधार पर किसी मतदाता पर कार्रवाई न करें। हालांकि यह राहत तभी मिलेगी जब आवेदक का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज न हो।