देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में राज्य की दो प्रमुख जल परियोजनाओं सौंग और जमरानी बांध की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए, जिसका सीधा असर पेयजल, सिंचाई और क्षेत्रीय विकास पर पड़ेगा।
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इससे परियोजनाओं के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी आकार मिल सकेगा।
मुख्य सचिव ने दोनों परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की मॉनिटरिंग में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण निर्धारित समयसीमा मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि दोनों परियोजनाओं की भौतिक प्रगति के साथ ही कार्यों के फोटोग्राफ्स और वीडियो नियमित रूप से स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।
पोर्टल पर नियमित अपलोड होने से परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति का प्रभावी अनुश्रवण किया जा सकेगा। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने कंक्रीटिंग और एक्सकैवेशन कार्यों की समयसीमा को स्पष्ट रूप से दर्शाते हुए विस्तृत PERT चार्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्सकैवेशन कार्य की दिनवार प्रगति और निर्धारित समयसीमा सहित यह PERT चार्ट आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में प्रस्तुत किया जाए। इससे निर्माण कार्यों की दैनिक रफ्तार का सटीक आकलन संभव हो सकेगा।
सौंग बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने इसके कार्यों को मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावितों के पुनर्वास से जुड़े कार्यों के लिए अग्रिम रूप से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परियोजनाओं की संशोधित लागत का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी कर ली जाएं। साथ ही केंद्रीय जल आयोग सहित जिन भी संस्थाओं से परीक्षण या अनुमोदन कराया जाना है, उनकी प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली जाए ताकि बाद में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में सौंग बांध परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसे पर्यावरणीय, वन एवं तकनीकी स्वीकृतियां नवंबर 2024 तक प्राप्त हो चुकी हैं। मार्च 2024 में विशेष सहायता योजना के अंतर्गत 2,491.96 करोड़ रुपए की शेष परियोजना लागत के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी।
सौंग बांध परियोजना के मुख्य बांध का निर्माण कार्य नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध और सहायक संरचनाओं के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण भी शामिल है।
जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत भी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना के तहत कार्यालय भवन, आवासीय भवन, कॉलोनियों और सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत तथा डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
इसके अलावा क्रशिंग, बैचिंग एवं मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत, कॉफर डैम का 50 प्रतिशत और स्ट्रिपिंग फाउंडेशन एवं एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य भी पूरा हो चुका है, जबकि पूरे बांध का निर्माण जून 2029 तक प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम और डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित शासन एवं संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

