देहरादून। राजधानी देहरादून में आज गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भारतीय जनता पार्टी का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे. प्रदेश प्रभारी राम माधव की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की चुनावी गतिविधियों को औपचारिक गति मिलेगी।
भाजपा ने राज्य में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने प्रचार अभियान का आगाज कर दिया है. इसी चुनावी तैयारी के तहत पार्टी नेतृत्व ने गुरुवार को रिपोर्ट कार्ड पेश करने और प्रदेश चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करने का निर्णय लिया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने इस कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद भाजपा का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे।
रिपोर्ट कार्ड जारी करने के साथ ही देहरादून में भाजपा के प्रदेश चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा. इस कार्यालय के शुरू होने से आगामी विधानसभा चुनावों से जुड़े संगठनात्मक कार्यों और प्रचार अभियान का संचालन एक ही केंद्र से हो सकेगा। इस अहम राजनीतिक आयोजन के दौरान भाजपा के शीर्ष प्रदेश पदाधिकारी भी मंच पर मौजूद रहेंगे. जारी सूचना के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन शामिल होंगे।
संगठन के अन्य प्रमुख चेहरों की उपस्थिति भी इस कार्यक्रम में तय की गई है. रिपोर्ट कार्ड लॉन्चिंग के समय प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल सहित अन्य नेता मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा जहां 2027 के चुनावी अभियान को धार दे रही है, वहीं प्रदेश चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं।

