उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 IPS अधिकारियों के तबादले, इन जिलों को मिले नए SSP

ख़बर शेयर करें

देहरादून। शासन ने बुधवार देर रात 17 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी इस आदेश का सीधा असर चमोली, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और बागेश्वर समेत कई जिलों के पुलिस कप्तानों तथा वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती पर पड़ा है। गृह सचिव शैलेश बगौली के हस्ताक्षर से यह तबादला आदेश जारी किया गया है। आदेश के तहत सभी अधिकारियों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से नए पदों पर तैनात किया गया है।

तबादला सूची के मुताबिक नैनीताल जिले की कमान अब अर्पण यदुवंशी को सौंपी गई है, उन्हें एसएसपी नैनीताल बनाया गया है। वहीं अब तक एसएसपी नैनीताल की जिम्मेदारी संभाल रहे मंजूनाथ टीसी को सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर के पद पर भेजा गया है।

ऊधमसिंहनगर जिले में भी बड़ा बदलाव करते हुए मणिकान्त मिश्र को नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। मणिकान्त मिश्र इससे पहले पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

यह भी पढ़ें -  बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी, जांच समिति ने दिए बड़े सुझाव

पौड़ी जिले के नए एसएसपी के रूप में देवेन्द्र पींचा की तैनाती की गई है, जो अभी तक सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का दायित्व संभाल रहे थे। दूसरी ओर एसएसपी पौड़ी रहे सर्वेश पंवार को अब पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।

टिहरी जिले की कमान सरिता डोबाल को सौंपते हुए उन्हें नया एसएसपी टिहरी बनाया गया है। सरिता डोबाल इससे पहले पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय के पद पर कार्यरत थीं।

वहीं एसएसपी टिहरी रहीं श्वेता चौबे को अब सेनानायक, आईआरबी द्वितीय के पद पर नई तैनाती मिली है। उनके स्थान पर आईआरबी द्वितीय के सेनानायक रहे अजय गणपति कम्भार को सेनानायक, एसडीआरएफ बनाया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 13 किमी लंबे ऋषिकेश बाईपास परियोजना को मिली रफ्तार, 47 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण का रास्ता साफ

एसडीआरएफ की सेनानायक रहीं विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर के सेनानायक पंकज भट्ट को सेनानायक, आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव भेजा गया है।

आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव के सेनानायक रहे हरीश को पंकज भट्ट के स्थान पर सेनानायक, 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर तैनात किया गया है। इन बदलावों के जरिए पीएसी और आईआरबी वाहिनियों के नेतृत्व में भी फेरबदल किया गया है।

पर्वतीय जिले चमोली में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी अमित श्रीवास्तव को दी गई है, जो अब तक पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। वहीं चमोली के पुलिस अधीक्षक रहे सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय के पद पर वापस बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: टिहरी नगर में हुई श्री घण्टाकर्ण राष्ट्रीय विकास समिति की बैठक, तीन दिवसीय कथा आयोजन पर बनी सहमति

इसी क्रम में सीआईडी सेक्टर, देहरादून में पुलिस अधीक्षक रहे अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना की कमान सौंपी गई है। शासन ने एक ही नाम के इन दोनों अधिकारियों को अलग-अलग महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं।

बागेश्वर जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अब जगदीश चन्द्र संभालेंगे, उन्हें एसपी नगर, नैनीताल के पद से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर बनाया गया है। वहीं आदेश में जितेन्द्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।

अन्य महत्वपूर्ण तैनाती में अपर पुलिस अधीक्षक, यातायात निदेशालय के पद से स्थानांतरित कर शारजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक, फायर सर्विस, मुख्यालय बनाया गया है। गृह विभाग के इस आदेश के बाद पुलिस महकमे में नई तैनातियों पर कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।