देहरादून। उत्तराखंड में शासकीय कार्यों में AI के अधिक इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की बैठक में दिए गए इन निर्देशों का असर सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, आंकड़ों के उपयोग और निर्णय प्रक्रिया पर पड़ेगा।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि मौजूदा दौर में AI का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए राज्य में इसके व्यावहारिक उपयोग को लेकर योजना बनाई जाए। उन्होंने शासकीय कामकाज में विभिन्न AI टूल्स के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बैठक में उन्होंने कहा कि विभागों की कार्यप्रणाली के हिसाब से AI टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की संभावनाएं तलाशी जाएं। AI के उपयोग को आगे बढ़ाने के लिए तत्काल एक टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने राज्य में Data Lake तैयार करने की दिशा में काम शुरू करने को कहा। उनके अनुसार उपलब्ध आंकड़ों के बेहतर इस्तेमाल से निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
विभागीय निरीक्षणों और भ्रमणों को लेकर उन्होंने कहा कि इनमें मिली अहम जानकारियों व सुझावों को संबंधित विभागों के साथ साझा किया जाए। साथ ही निरीक्षणों के फीडबैक को इलेक्ट्रॉनिक प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि इससे कार्यों की प्रगति और अनुपालन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी। बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय और श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

