गैरसैंण से लौटते समय ऋषिकेश में सीएम धामी का जोरदार स्वागत; सड़कों पर उतरे युवा, राज्य युवा आयोग के गठन पर जताया आभार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का गैरसैंण से देहरादून सड़क मार्ग से लौटते समय ऋषिकेश के नटराज चौक पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने प्रदेश में राज्य युवा आयोग के गठन के फैसले पर खुशी जताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

नटराज चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन उत्तराखंड के युवाओं की समस्याओं के समयबद्ध समाधान, उनके अधिकारों के संरक्षण और उनकी प्रतिभा को नए अवसर देने के लिए किया गया है।

यह भी पढ़ें -  विकसित उत्तराखंड 2047 का रोडमैप: गैरसैंण सत्र में बोले सीएम धामी- 'वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाएंगे'

सरकार के मुताबिक, यह आयोग राज्य के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। आयोग के जरिए युवाओं की सीधी पहुँच शासन-प्रशासन तक होगी, जिससे उनकी रोजगार, शिक्षा और करियर से जुड़ी चिंताओं का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सकेगा। ऋषिकेश पहुंचे मुख्यमंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।

यह भी पढ़ें -  सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग का बड़ा हलफनामा: SIR के सभी फैसले सर्वसम्मति से, फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं

नटराज चौक पर मौजूद युवाओं का कहना था कि राज्य युवा आयोग की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस आयोग के बनने से अब युवाओं की आवाज को एक समर्पित मंच मिलेगा, जो उनके हितों की रक्षा करेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और जनता का धन्यवाद करते हुए दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक युवा को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है।