उत्तराखंड में सड़कों पर नजर रखेगा AI, कुंभ सुरक्षा को बम सूट; CM धामी ने मंजूर किए ₹36 करोड़

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु ₹36 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस फैसले से प्रदेश के हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में सड़क निर्माण, पेयजल, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा तंत्र को सीधा फायदा पहुंचेगा।

राज्य योजना के तहत हरिद्वार जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के मध्य हरिद्वार में 05 किलोमीटर लंबे सीसी मार्ग के लिए ₹4.21 करोड़ और ज्वालापुर क्षेत्र में 05 किलोमीटर लंबे सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹4.83 करोड़ की मंजूरी दी है। इससे स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं का आवागमन काफी आसान हो जाएगा।

यह भी पढ़ें -  विकसित उत्तराखंड 2047 का रोडमैप: गैरसैंण सत्र में बोले सीएम धामी- 'वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाएंगे'

नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र स्थित कोटाबाग ब्लॉक में भी मुख्य मार्ग का कायाकल्प होगा। यहाँ सरदारनगर-केशोवाला-बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-कोटाबाग-कालाढूंगी राज्य मार्ग संख्या 61 के बीएम/एसडीबीसी विधि द्वारा सुधारीकरण कार्य के लिए ₹05 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है। इसके अंतर्गत नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क सुधारीकरण और आंतरिक मार्गों में इंटरलाकिंग टाइल्स निर्माण के लिए ₹6.14 करोड़ दिए गए हैं। वहीं, श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चक्कीमोड़ तक सड़क निर्माण के लिए ₹5.73 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।

यह भी पढ़ें -  डोईवाला में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: बुल्लावाला में 100 पाउच अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार

राजधानी देहरादून में मुख्य सड़कों के रखरखाव के लिए पहली बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। देहरादून शहर में परफॉरमेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट के तहत पर्यवेक्षण सलाहकार की नियुक्ति होगी। यह कंसल्टेंसी ठेकेदारों के काम का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करेगी।

इसके साथ ही देहरादून में PBMC की निगरानी के लिए एक डिजिटल डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा, जो सड़कों की तकनीकी और वित्तीय ट्रैकिंग करेगा। मुख्यमंत्री ने इस कंसल्टेंसी सेवा के लिए ₹4.63 करोड़ की मंजूरी दी है। इसके अतिरिक्त, देहरादून के रायपुर विकासखण्ड स्थित इंदिरा कॉलोनी पेयजल योजना के लिए ₹3.59 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: अंधेरे में डूबीं प्रमुख सड़कें, जिला प्रशासन के सर्वे में खुली पोल, 806 स्ट्रीट लाइटें खराब

आगामी कुंभ मेले में सुरक्षा और एंटी-सबोटाज जांच को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस विभाग को मजबूत किया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान संदिग्ध वस्तुओं व विस्फोटकों की जांच के लिए पुलिस विभाग को 03 अत्याधुनिक बम सूट खरीदने हेतु ₹1.53 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

सांस्कृतिक एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ जिले को भी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध कुमौड मंदिर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ₹96 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी की है।