Uttarakhand: 9.87 लाख पेंशनरों के खातों में पहुंचे ₹146.32 करोड़, CM धामी ने जारी की राशि

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के लाखों जरूरतमंदों को बड़ा तोहफा देते हुए जुलाई 2026 की पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी है। शनिवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीबीटी माध्यम से समाज कल्याण विभाग के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेंशन हस्तांतरण को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है ताकि किसी भी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग भाई-बहन को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनका अधिकार सम्मानपूर्वक सीधे उनके पास पहुंचे।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: हर बुखार मरीज की होगी डेंगू जांच, दून-कोरोनेशन समेत 6 अस्पताल बने सेंटिनल सर्विलांस सेंटर

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि इस बार केंद्र सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के 2.15 लाख पेंशनरों को भी ‘SNA स्पर्श’ नामक आधुनिक डिजिटल प्रणाली के जरिए सीधे भुगतान किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत जारी की गई पेंशन राशि का ब्योरा देते हुए बताया गया कि वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 बुजुर्गों को ₹1,500 प्रतिमाह की दर से कुल ₹92.34 करोड़, विधवा पेंशन के 2,36,983 महिला लाभार्थियों को ₹1,500 प्रतिमाह के हिसाब से ₹35.54 करोड़ तथा दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को ₹1,500 प्रतिमाह की दर से ₹13.36 करोड़ हस्तांतरित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में भारी बारिश से हाहाकार: 147 सड़कें बंद, मुख्य सचिव ने संभाला मोर्चा

इसके साथ ही किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को ₹3.2 करोड़, परित्यक्ता पेंशन की 8,284 महिलाओं को ₹99.40 लाख, भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को ₹51.68 लाख, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को ₹26.35 लाख तथा बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को ₹1.52 लाख की राशि वितरित की गई।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: चारधाम रूट पर भूस्खलन; बद्रीनाथ हाईवे ठप, यमुनोत्री-गंगोत्री मार्ग भी बंद...

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर काम कर रही है और पेंशन का यह सीधा हस्तांतरण राज्य के कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जबकि इस राज्य स्तरीय डीबीटी कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, जनजाति कल्याण निदेशक संजय टोलिया और अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad