Uttarakhand Earthquake: देर रात दो बार कांपी धरती, उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता से लगे झटके..

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सोमवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से धरती कांप गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में 4.2 और टिहरी गढ़वाल में 2.0 की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है। रात के सन्नाटे में आए इन झटकों के कारण उत्तरकाशी की यमुना और गंगा घाटी में दहशत का माहौल बन गया और लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Politics: चकराता के चुनाव में क्या माफी असर दिखाएगी ?

उत्तरकाशी जिले में देर रात करीब 1:21 बजे आया भूकंप का झटका काफी तीव्र था। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी की बडकोट तहसील मुख्यालय के पास स्थित राजगढ़ी क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। झटका महसूस होते ही निवासियों ने तुरंत एक-दूसरे को फोन कर स्थिति की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार में CM धामी ने किया प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का उद्घाटन, बोले- 'आधुनिकता और सनातन का अनूठा संगम'

वहीं, दूसरी ओर टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी सोमवार तड़के हल्की भूगर्भीय हलचल दर्ज की गई। 2.0 की तीव्रता वाला यह भूकंप जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। तीव्रता बेहद कम होने के कारण जिले में कहीं भी अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्थानीय प्रशासन ने दोनों प्रभावित जिलों की स्थिति का जायजा लिया है। राहत की बात यह है कि उत्तरकाशी और टिहरी दोनों ही स्थानों से किसी भी प्रकार के जान-माल या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने सभी टीमों को अलर्ट पर रखते हुए स्थानीय लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।