Uttarakhand Election 2027: दिल्ली में BJP कोर कमेटी की बैठक, बना ‘मिशन 2027’ का मास्टरप्लान..

ख़बर शेयर करें

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर राज्य के कोर ग्रुप के साथ एक अहम बैठक की। 11 अशोक रोड स्थित पुराने पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार समेत तमाम बड़े नेता शामिल हुए।

यह भी पढ़ें -  Haridwar Kanwar Yatra 2026: 82 लाख से अधिक पहुंचे शिवभक्त, ड्रोन और साइबर कमांडो तैनात

बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने दो टूक शब्दों में कहा कि 2027 के चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए पार्टी में किसी भी स्तर पर गुटबाजी या खेमेबाजी बर्दाश्त नहीं होगी। आलाकमान ने साफ किया कि सरकार और संगठन को पूरी एकजुटता के साथ काम करना होगा। इसके साथ ही जनता की नाराजगी दूर करने और ‘जेन-जी’ (Gen-Z) यानी युवा मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: 13 महिलाओं को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार, CM धामी करेंगे सम्मानित

चुनावी रणनीति धार देने के लिए बीजेपी ने अगस्त से सितंबर तक का विस्तृत शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत 8 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के मंडल अध्यक्षों व जिलाध्यक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके अगले दिन 9 अगस्त को राजधानी देहरादून में भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी।

इसके बाद 14 अगस्त को देहरादून और रुद्रपुर में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं कुमाऊं मंडल के अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों की बैठक 16 अगस्त को हल्द्वानी में रखी गई है, जिसके बाद 17 से 18 अगस्त के बीच सांसदों और विधायकों की क्षेत्रवार समीक्षा बैठकें होंगी। अंत में निचले स्तर तक संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से 19 अगस्त से पूरे प्रदेशभर में ‘बूथ सशक्तिकरण अभियान’ की शुरुआत की जाएगी।