Uttarakhand News: आदि कैलाश से लैंसडाउन तक बदलेगी हवाई कनेक्टिविटी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने और पर्यटन को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरे प्रदेश को हेलिपोर्ट्स और हेलीपैड्स से सैचुरेट किया जाए, क्योंकि विषम भूगोल वाले इस राज्य के लिए ये सेवाएं लाइफलाइन हैं।

चीन सीमा से सटे सीमांत क्षेत्रों गुंजी और आदि कैलाश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए मुख्य सचिव ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने इन क्षेत्रों में नई एयर स्ट्रिप या हेलीपोर्ट स्थापित करने की दिशा में तुरंत काम शुरू करने की बात कही, ताकि सामरिक और पर्यटन दोनों लिहाज से कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा सके।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: बीमार PRD जवानों को भी मिलेगा मानदेय, धामी सरकार ने जारी की नई SOP

इसके साथ ही, पौड़ी जनपद के प्रसिद्ध हिल स्टेशन लैंसडाउन को भी जल्द ही नियमित हवाई सेवा से जोड़ा जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि लैंसडाउन उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में से एक है, इसलिए इसे हवाई कनेक्टिविटी के नेटवर्क में शामिल करने की सभी संभावनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तलाशा जाए।

रोजगार और युवाओं के कौशल विकास की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए मुख्य सचिव ने राज्य का अपना पायलट ट्रेनिंग स्कूल तैयार करने को कहा। इसके तहत ऊधमसिंह नगर के पराग फार्म में एक आधुनिक एविएशन एकेडमी स्थापित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: अमेरिका-ईरान जंग का उत्तराखंड पर असर, 59 बसों की डील अटकी

चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम में जल्द ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल मैकेनिज्म काम करना शुरू कर देगा। मुख्य सचिव ने बढ़ते हवाई ट्रैफिक को देखते हुए एटीसी की स्थापना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि उड़ानों का सुरक्षित संचालन हो सके।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand राज्य साइबर अपराध समन्वय केंद्र को मंजूरी, मुख्य सचिव के निर्देश

प्रदेशभर में हवाई यात्राओं को मौसम के खतरों से बचाने के लिए ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन और पीटीजेड कैमरे लगाए जाएंगे। मुख्य सचिव ने इस सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग से लगातार संपर्क और फॉलोअप बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक के दौरान नागरिक उड्डयन सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय और युकाडा के सीईओ श्री प्रतीक जैन सहित कई अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad