UKSSSC Exam Alert: UKSSSC ने समूह-ग की दो भर्ती परीक्षाएं की स्थगित, आयोग ने जारी किया नोटिस

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समूह-ग की दो प्रमुख भर्ती परीक्षाओं को अपरिहार्य कारणों से फिलहाल स्थगित कर दिया है। आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि इन स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियां जल्द ही अलग से जारी की जाएंगी। इस फैसले का असर परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा।

आयोग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, 25 अक्टूबर को प्रस्तावित कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इसी प्रकार, 1 नवंबर को होने वाली सहायक लेखाकार व अन्य पदों की भर्ती परीक्षा को भी प्रशासनिक कारणों से टाल दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: अब खुली मिठाइयों की हर ट्रे पर 'यूज बाई डेट' अनिवार्य, 26 अक्तूबर से लागू होंगे सख्त नियम

दूसरी ओर, आयोग ने स्पष्ट किया है कि समूह-ग के तहत लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक, प्रशिक्षक और अनुदेशक पदों की भर्ती परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथि यानी 25 अक्टूबर को ही आयोजित होगी। इस परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सीएम धामी ने सेलाकुई मेडिकल यूनिवर्सिटी में 20.55 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर जोर

25 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट से सीधे प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने साफ किया है कि डाक के माध्यम से कोई प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।

परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र पर बार कोड का मिलान जरूर कर लें। परीक्षा के दिन केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ एक वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा, इसके बिना केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। चयन आयोग ने कहा है कि स्थगित की गई कनिष्ठ सहायक और सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है।