उत्तराखंड के पर्वतीय रूटों पर सफर होगा आसान, रोडवेज खरीदेगा 200 नई छोटी बसें

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों के लिए एक राहत भरी खबर है। उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय पहाड़ों के दुर्गम रास्तों और संकरे रूटों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 200 नई छोटी बसें चलाने की बड़ी तैयारी कर रहा है।

दरअसल, राज्य में करीब दो सौ रूट ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जहां बसों की भारी कमी के कारण वर्तमान में बसों का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। इन दूरदराज के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सेवा बहाल करने के लिए स्थानीय जन प्रतिनिधि भी लगातार नई बसों की मांग कर रहे थे।

यह भी पढ़ें -  Kedarnath Heli Booking: मात्र 1 ही घंटे में 30 सितंबर तक के सभी स्लॉट बुक, 15 सितंबर से दोबारा होगी शुरु

इसी जन-आवश्यकता को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन ने 38 सीटों वाली 200 और छोटी बसें खरीदने का एक विशेष प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे आगामी परिवहन निगम बोर्ड की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। गौरतलब है कि शासन ने हाल ही में कुल 250 नई बसें खरीदने की योजना को हरी झंडी दी है, जिसमें से पर्वतीय रूटों के लिए 50 छोटी बसें पहले ही खरीदी जा रही हैं।

यह भी पढ़ें -  माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराकर लौटे उत्तराखंड के दो नन्हे जांबाज, CM धामी ने थपथपाई पीठ

परिवहन निगम के संचालन क्रांति सिंह के अनुसार, निगम का मुख्य उद्देश्य पहाड़ों में बस संचालन का दायरा बढ़ाना और यात्रियों को सुरक्षित सफर देना है। बोर्ड बैठक से इस नए प्रस्ताव को औपचारिक अनुमति मिलते ही बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे पर्वतीय अंचलों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय ग्रामीणों को आवाजाही में हो रही दिक्कतों से हमेशा के लिए निजात मिल सकेगी।