विधानसभा चुनाव 2027: SIR अभियान के लिए BJP ने मैदान में उतारीं टीमें, बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट होगी दुरुस्त

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सांगठनिक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में, निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए भाजपा की देहरादून महानगर इकाई ने मैदान में अपनी विशेष टीमें उतार दी हैं। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर मतदाता सूची के शुद्धीकरण और नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए घर-घर जाकर सघन जनसंपर्क कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  मसूरी: नाबालिग वाहन चालकों पर शिकंजा, पकड़े जाने पर अभिभावकों को होगी 3 साल की सजा

भाजपा इस रणनीतिक अभियान के जरिए न केवल अपने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत कर रही है, बल्कि मतदाताओं की मनोस्थिति, स्थानीय रुझान और बूथ स्तर के चुनावी समीकरणों का भी बारीक आकलन कर रही है। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और इस महत्वपूर्ण अभियान के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय विधायकों के साथ-साथ मंडल स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न पाए।

यह भी पढ़ें -  कुंभ मेला 2027 और शिक्षकों के वेतन के लिए खुले सरकारी खजाने! CM धामी ने दी करोड़ों की वित्तीय मंजूरी

भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान लोकतंत्र को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिसके तहत कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखाते हुए हर घर तक पहुंच रहे हैं। कुल मिलाकर, भाजपा इस वोटर चेतना और शुद्धीकरण अभियान के माध्यम से चुनाव से पहले ही जमीनी पकड़ मजबूत कर विरोधियों पर बढ़त बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।