चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए गुड न्यूज है। अच्छी खबर ये है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की । इस मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने चारधाम यात्रा रूट पर LPG की किल्लत न होने देने का अनुरोध किया। सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का हवाला देते हुए एलपीजी की सौ फीसदी सप्लाई बहाल करने की गुजारिश की।

गौरतलब है कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा में होटल-ढाबों के लिए साढे नौ लाख से ज्यादा व्यावसायिक LPG सिलेंडर चाहिए। वहीं सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से आपदा कोटे का हवाला देते हुए अतिरिक्त सिलेंडर्स की भी मांग की । सीएम धामी ने कहा कि जून से सितंबर तक पहाड़ में हर साल मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहता है।
कभी भूस्खलन होता है तो कभी बादल फट जाते हैं। ऐसे में राहत एवं बचाव टीम के लिए भी एलपीजी की जरूरत रहती है लिहजा राज्य को 48,हजार से ज्यादा सिलेंडर का बफर स्टॉक की भी दरकार है ताकि आड़े वक्त में सिलेंडर की कमी न रहे। सीएम धामी ने केद्रीय मंत्री को बताया कि चार धाम यात्रा बेशक देश दुनिया के लिए तीर्थाटन हो सकता है लेकिन उत्तराखंड के लिए उसकी सांस्कृति पहचान के साथ-साथ आर्थिक रीढ़ भी है।

मतलब साफ है कि चूल्हा जलता रहेगा तो तीर्थाटन के साथ-साथ पर्यटन भी चलेगा। तय है कि एक दिन भी अगर गैस की सप्लाई रुकी तो श्रद्धालु हों या पर्यटक सभी परेशान हो जाएंगे और यात्रा रूट पर रोजीरोटी कमाने वाले फाकाकाशी को मजबूर हो जाएंगे।
बहरहाल केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने सीएम धामी की फरियाद को तवज्जो देते हुए गैस आपूर्ति का आश्वसन दिया। पुरी ने सीएम धामी की दलील को “व्यावहारिक और जरूरी” करार देते हुए आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और आपदा प्रबंधन के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। गौरतलब है कि पिछले साल मानसून के दौरान कई जगह गैस खत्म होने के चलते आपदा प्रबंधन टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
लेकिन सीएम धामी की इस पहल के बाद उम्मीद जगी है कि डबल इंजन के दौर में उत्तराखंड को दिक्कत नहीं होगी। सीएम धामी की पुख्ता इंतजाम के लिए की गई ये पहल जरूर रंग दिखाएगी।

