उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उत्तराखंड में सैकड़ों पहाड़ी गांव आबादी रहित हो रहे हैं। हालांकि उन गांवों में इंसानी आबादी कम हो रही है लेकिन जानवरों की आबादी बेहिसाब बढ़ रही है। सहूलियतों की ख्वाहिश में उत्तराखंड अलग राज्य बना लेकिन अब अलग राज्य का साइड इफैक्ट देखने को मिल रहा है। पहाड़ो में ईकोलॉजिकल सिस्टम गड़बड़ा गया है।
जंगली जानवर अपनी जंगल की सरहदों को लांघ कर इंसानी बस्तियों में बेहिचक धमक रहे हैं और अपने लिए निवाला तलाश रहे हैं। आलम ये है कि बाघ,भालू तेदुए आदमखोर हो गए हैं। आए दिन इंसानो पर हमले हो रहे हैं और उत्तराखंडी अपनी जान गंवा रहे हैंं। मातम में डूबे परिजन मर्सिया गाने को मजबूर हैं..सरकार मुआवजे के रुमाल से आंसू पोंछने की कोशिश कर रही है। जंगली जानवर के हमले में जान गवाने वालों का मुआवजा 4 लाख से बढ़ाकर दस लाख कर दिया गया है हालांकि इस मुआवजे के रुमाल को 14 लाख की चादार बनाए जाने की संभावना भी है लेकिन सवाल है कवायद किसकी होनी चाहिए जिंदगी बचाने की या मुआवजे की रकम बढ़ाने की।
उत्तराखंड कांग्रेस ने इस संजीदा मसले पर सवाल किया है । कांग्रेस प्रदेश कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि मुआवजे की रकम बढ़ाना इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं है। सरकार के पास मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए कोई ठोस नीति और प्रभावी कार्ययोजना नहीं है।
धस्माना ने कहा प्रदेश में भालू और गुलदार के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार हमले रोकने के बजाय मुआवजे की रकम बढ़ाने में जुटी है। धस्माना ने तंज कसते हुए कहा कि मुआवजा 10 लाख से 14 लाख और फिर आगे भी बढ़ता रहेगा, लेकिन अगर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए तो लोगों की मौतों का सिलसिला भी जारी रहेगा। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जब किसी मंत्री को ही जंगली जानवर अपना शिकार बनाएंगे, तब शायद सरकार को इस समस्या की गंभीरता समझ आएगी।

