पौड़ी। पौड़ी जिले के रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर आज शनिवार को कलवाड़ी गांव के पास इको वैन के करीब 300 फुट गहरी खाई में गिरने से हुए भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। घोषणा के मुताबिक हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है और घायलों को समुचित उपचार व गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा है।
यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब लोग सिद्धखाल में काम निपटाकर इको वैन से लौट रहे थे। रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई। वाहन में चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे।
हादसे का शिकार हुई महिलाएं भंगलवाड़ गांव के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। वे सिद्धखाल में समूह की बैठक और अन्य काम निपटाने के बाद इको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे।
काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे में मौके पर सात लोगों की मौत हो गई थी। सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां एक घायल महिला ने दम तोड़ दिया। पौड़ी के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए इस हादसे को लेकर पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासनिक टीमों ने मौके पर बचाव व आगे की कार्रवाई की। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से संवेदना व आर्थिक सहायता की घोषणाएं सामने आई हैं।

