देहरादून। उत्तराखंड में सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आज राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने अभ्यास का निरीक्षण करते हुए कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखंड ही नहीं, पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की मिसाल है, जिसका सीधा संबंध प्रदेश के सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों की तैयारियों से है।
इस राज्यव्यापी अभ्यास में राज्य स्तर के साथ सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों ने हिस्सा लिया। मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि मॉक अभ्यास इस उद्देश्य को जमीनी स्तर पर परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे यह पता चलता है कि वास्तविक आपदा की स्थिति में व्यवस्थाएं कितनी तत्परता से काम कर सकती हैं।
इस मौके पर आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि) रघुवीर सिंह भण्डारी, सचिव विनोद कुमार सुमन और अपर सचिव प्रकाश चंद्र उपस्थित रहे। इनके अलावा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी राजकुमार नेगी, कमाण्डेंट एसडीआरएफ अजय गणपति और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा भी मौजूद थे।

मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया \का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि एसईओसी आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और वहां कार्यरत अधिकारियों व कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार एसओपी के जरिए ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों, कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित किया गया है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उनके मुताबिक शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल हुई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया व तैयारियों का परीक्षण किया गया।

सचिव ने बताया कि इसके साथ ही 3,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को आपदा से बचाव, तैयारी और सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। मंत्री मदन कौशिक ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने उपकरणों की कार्यप्रणाली व उपयोग की जानकारी ली और आधुनिक तकनीक व उपकरणों के माध्यम से राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता लगातार मजबूत करने पर जोर दिया।
चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान राज्यभर में विभिन्न आपदा परिदृश्यों को आधार बनाकर मॉक ड्रिल की गई। भूकंप के परिदृश्य में भवनों के क्षतिग्रस्त होने, लोगों के मलबे में फंसे होने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया। इसके साथ ही नदी में डूबने, सड़क दुर्घटना तथा सुरंग और निर्माण स्थल पर दुर्घटना जैसे परिदृश्यों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया। धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़, बिजली गिरने से जनहानि, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने और आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने जैसे परिदृश्यों पर भी संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया व तैयारियों को परखा गया।

