मथुरा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौ संरक्षण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मां यमुना के धार्मिक महत्व को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। इसके अलावा आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया। ये प्रकल्प भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं।

संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम व सम्मान दर्शाते हैं। उनके अनुसार गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ा विषय है।
सीएम धामी ने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के पूरक बनने तथा आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिलने की बात कही।

मुख्यमंत्री के मुताबिक इन प्रकल्पों से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को मजबूती देंगे। उन्होंने जोर दिया कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण ठोस कार्यों व प्रयासों से संभव है।
मां यमुना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती हैं। उन्होंने बताया कि प्राचीन मान्यता के अनुसार यमुनोत्री जाने वाले श्रद्धालु पहले हरिपुर-कालसी में मां यमुना में स्नान कर यात्रा शुरू करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण हुआ है। वहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है और राज्य सरकार इसे प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।
सीएम धामी ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि नदियों और गोवंश के संरक्षण व संवर्धन के प्रयास सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने में अहम हैं।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के कार्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने की बात कहते हुए समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों व सहयोगियों को बधाई दी।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज और आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

