देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार 28 नवंबर से तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन 2026 शुरू हो रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। सिलक्यारा की ऐतिहासिक जीत के तीन साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस सम्मेलन में उत्तराखंड के सभी जिलों, देश के 30 से अधिक राज्यों और 6 महाद्वीपों के करीब 50 देशों के वैज्ञानिक, नीति-निर्माता व शोधकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन दिवस पर आज प्रदेश के लगभग 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल भी होगी, जिसका सीधा संबंध आपदा से निपटने की जमीनी तैयारियों से है।
सम्मेलन के संयोजक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि बहुचर्चित सिलक्यारा विजय अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 28 से 30 नवंबर तक यह आयोजन देहरादून में किया जा रहा है। इसकी मेजबानी हिमालयन अकादमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से की जा रही है।
इस बार सम्मेलन की थीम ‘रेसिलियंस स्टार्ट्स एट होम : एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेसिलियंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर्स’ रखी गई है। कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करने और स्थानीय स्तर पर आपदा से लड़ने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से ‘गांव से ग्लोब तक : एक आवाज’ के संकल्प के साथ इसकी शुरुआत होगी।
गंगा और यमुना जैसी जीवनदायिनी नदियों के उद्गम स्थल हिमालय को सुरक्षित रखने के लिए यह सम्मेलन पांच प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित रहेगा। इनमें इंटेलिजेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन, इंक्लूजन और इन्वेस्टमेंट शामिल हैं। आयोजकों के मुताबिक इससे निकलने वाले निष्कर्ष उत्तराखंड और भारत समेत पूरी दुनिया को आपदा-रोधी भविष्य बनाने की नई राह दिखाएंगे।
इस कार्यक्रम में 30 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के सहयोग से 38 से ज्यादा तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। इसमें इसरो, डीआरडीओ, आईआईटी रुड़की, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान, सीबीआरआई, जेएनयू और सी-डॉट जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। सम्मेलन के दौरान 200 से अधिक शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
तकनीकी सत्रों में हिमालयी ग्लेशियरों में बदलाव, बाढ़ व चक्रवात, अंतरिक्ष तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अर्ली वार्निंग सिस्टम जैसे ज्वलंत विषयों पर मंथन होगा। इसके अलावा सामुदायिक रेडियो, शहरी हीटवेव और आपदा प्रबंधन में महिलाओं व युवाओं की भूमिका पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

