उत्तराखंड आपदा प्रबंधन दिवस: सीएम धामी ने कीं 4 बड़ी घोषणाएं, जारी की SDMP 2026-27 योजना

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय, देहरादून में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रम में प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली पुस्तिका और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026–27 का विमोचन भी किया। इन घोषणाओं का सीधा असर प्रदेश के सेवानिवृत्त वर्दीधारी कार्मिकों, शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों व छात्रों, अग्निकांड प्रभावित परिवारों और राहत कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों पर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके सहयोग से आम जनमानस को विभिन्न आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इन प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आपदाओं के प्रति निरंतर जागरूक किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  सिल्क्यारा रेस्क्यू की वर्षगांठ: 28 नवंबर को उत्तराखंड के 13 जिलों में 250 से 300 जगहों पर होगी मॉक ड्रिल

राहत मानकों में बदलाव की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आवासीय भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित व्यक्तियों को SDRF के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जनजागरूकता के साथ हर स्तर पर पूर्व तैयारियां मजबूत करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया बेहद अहम है और सूचना मिलते ही पूरा तंत्र सक्रिय होना चाहिए ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द सहायता पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीते दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने अनेक आपदाओं का सामना किया, जिनमें शासन-प्रशासन तथा केंद्र व राज्य सरकार की एजेंसियों ने समन्वय के साथ राहत व बचाव कार्य किए।

यह भी पढ़ें -  जिम कार्बेट के ढिकाला जोन में सफारी पर सख्त नियम,पर्यटकों के लिए अनिवार्य हुए 4 नियम

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र व राज्य सरकार की एजेंसियों, प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों के सहयोग से यह अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि तकनीकी चुनौतियों के बीच वैकल्पिक उपायों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद से काम किया गया और करीब 17 दिनों के प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। मुख्यमंत्री ने इस सफलता में बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य और बचाव दलों के परिश्रम का उल्लेख करते हुए भूकंप से बचाव के लिए मॉक ड्रिल कराने पर भी जोर दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: धारा-27 के तहत होंगे 3 हजार से अधिक शिक्षकों के तबादले, मुख्य सचिव की कमेटी लेगी फैसला

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि सिलक्यारा अभियान मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण था, जिसमें विषम परिस्थितियों में धैर्य, बेहतर टीम वर्क और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना उद्देश्य होना चाहिए। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सिलक्यारा बचाव अभियान, आपदा प्रबंधन तंत्र के सुदृढ़ीकरण, जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला व लेफ्टिनेंट कर्नल (सेनि) रघुवीर सिंह भण्डारी, प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी और छात्र-छात्राएं जुड़े।