देहरादून। उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोतों यानी धारा-नौला के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को नई दिशा देने के लिए स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का एक संयुक्त दल मेघालय के दौरे पर है।
शिलांग में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार इस अध्ययन का सीधा लाभ उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों और चम्पावत की जल संरक्षण समितियों को आर्थिक व तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में मिलेगा।
भ्रमण के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी के अधिकारियों ने उत्तराखण्ड से गए दल को राज्य में संचालित प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी दी। दल को जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी द्वारा वित्तपोषित ‘MEGALIFE’ और जर्मन विकास बैंक द्वारा वित्तपोषित ‘MEGARISE’ की कार्यप्रणाली से विस्तार से अवगत कराया गया।

अध्ययन दल ने ‘MEGALIFE’ परियोजना के अंतर्गत संचालित ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज’ मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल के तहत स्थानीय स्तर पर गठित समितियों को प्राकृतिक वन संरक्षण के बदले ₹10,000 प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि स्थानीय स्तर पर गठित इन समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है। स्थलीय निरीक्षण में दल ने देखा कि शिलांग के संबंधित ग्राम की समिति ने इस पहल से 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र को सफलतापूर्वक संरक्षित किया है।
सामुदायिक स्तर पर वन संरक्षण की इस मुहिम से ग्राम समिति को बड़ा आर्थिक लाभ भी प्राप्त हुआ है। वर्तमान समय में इस ग्राम समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए लगभग ₹15 लाख की राशि जमा है। दौरे के क्रम में SARRA के उपनिदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी जायजा लिया। मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी और एक निजी संस्था के त्रिपक्षीय समझौते से इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई थी।

इस पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से बायोचार उत्पादन और उससे मिलने वाले कार्बन क्रेडिट का सीधा लाभ स्थानीय समुदायों को देने पर काम चल रहा है। संयंत्र के निरीक्षण के दौरान कोर कार्बन एक्स के प्रतिनिधियों ने भी दल को आवश्यक तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
भ्रमण दल ने मेघालय की एग्रोफॉरेस्ट्री यानी कृषि वानिकी तकनीकों का भी अध्ययन किया। अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का PES मॉडल और सामुदायिक सहभागिता उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों, विशेषकर चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और जल स्रोतों के संरक्षण में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

