उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में नगरासू स्थित गुरुद्वारे में पिछले तीन दिनों से चला आ रहा गतिरोध आखिरकार पूरी तरह समाप्त हो गया है। गुरुद्वारे की चौथी मंजिल और छत पर कब्जा जमाए बैठे चारों निहंग सिख, मंगलवार को प्रशासन और पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ हुई लंबी और सकारात्मक बातचीत के बाद नीचे उतरने को तैयार हो गए।
गतिरोध खत्म होने के बाद ये चारों निहंग सुरक्षित रूप से पंजाब के लिए रवाना हो गए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन और क्षेत्र के लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और खुफिया तंत्र लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था। वार्ता के जरिए मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकलने से अब नगरासू और गुरुद्वारा परिसर में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

