टिहरी: बैरिकेडिंग तोड़कर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी वैगनआर कार, पेड़ से अटककर बची पति-पत्नी की जान

ख़बर शेयर करें

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नई टिहरी-ऋषिकेश मार्ग पर टीसीआर होटल के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में ऋषिकेश निवासी पति-पत्नी सवार थे।

यह पूरी घटना किसी चमत्कार से कम नहीं रही, क्योंकि खाई में गिरते वक्त कार एक मजबूत पेड़ की टहनियों में जाकर अटक गई। अगर कार सीधे नीचे गहराई में गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। कार के पेड़ पर अटकते ही दोनों पति-पत्नी की जान बाल-बाल बच गई और उन्हें मामूली चोटें आईं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में मिलावटखोरी का काला सच: 3 साल में 524 सैंपल फेल, धड़ल्ले से बिक रहा नकली खाद्य पदार्थ

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली चंबा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बिना वक्त गंवाए राहत और बचाव अभियान चलाया और 50 मीटर गहरी खाई में अटकी कार से दोनों सवारों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

यह भी पढ़ें -  बेटियों के सम्मान की दुहाई, लेकिन अपनों पर चुप्पी! कांग्रेस की न्याय यात्रा पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार (UK 14 J 0190) नई टिहरी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। कार को ऋषिकेश के श्यामपुर स्थित विनोद विहार कॉलोनी निवासी लगभग 55 वर्षीय श्रीमती मधु पैन्यूली चला रही थीं, जबकि उनके पति हरीश पैन्यूली बगल की सीट पर बैठे थे। अचानक टीसीआर होटल के समीप वाहन से नियंत्रण छूट गया और यह हादसा हो गया।

यह भी पढ़ें -  आवास तैयार, शासन की भी हरी झंडी... फिर किस बात का इंतजार? काठबंगला में 116 फ्लैटों का अटका प्रवेश

रेस्क्यू के बाद पुलिस ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के जरिए दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति पूरी तरह खतरे से बाहर है।