अल्मोड़ा। उत्तराखंड के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी में एक बड़ी चूक सामने आई है। 16 अगस्त को हुई इस परीक्षा की आधिकारिक आंसर की में देश के ‘राष्ट्रीय पक्षी’ का जवाब ‘कौआ’ दर्ज किया गया था। इस हैरान करने वाले जवाब के सामने आते ही परीक्षार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया। इस लापरवाही ने विश्वविद्यालय प्रशासन की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अल्मोड़ा स्थित एसएसजे विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा में प्रदेशभर से 5,352 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद जब विश्वविद्यालय ने उत्तर कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की, तो छात्रों ने उत्तरों का मिलान शुरू किया। मिलान के दौरान एक के बाद एक कई प्रश्नों के गलत जवाब सामने आने लगे, जिससे हंगामा खड़ा हो गया।
उत्तर कुंजी में सिर्फ राष्ट्रीय पक्षी को कौआ बताने की हास्यास्पद भूल ही नहीं थी, बल्कि उत्तराखंड को क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे छोटा राज्य दर्शाया गया था। सामान्य ज्ञान के कई अन्य प्रश्नों के उत्तर भी पूरी तरह गलत पाए गए। इन गलतियों के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला गरमा गया और अभ्यर्थियों ने व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विवाद को तूल पकड़ता देख एसएसजे विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने वेबसाइट से पुरानी उत्तर कुंजी को हटा दिया और त्रुटियों को सुधारकर संशोधित उत्तर कुंजी दोबारा अपलोड की।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पूरी अव्यवस्था के पीछे तकनीकी वजहों का हवाला दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सेक्शन के अनुसार उत्तर तैयार करते समय यह चूक हुई थी, जिसे अब पूरी तरह सही कर दिया गया है।
मामले पर एसएसजे विवि के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सफाई देते हुए कहा, “तकनीकी कारणों से पूर्व में जारी उत्तर कुंजी में कुछ त्रुटियां हुई थीं। इसे संशोधित कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी अब नई उत्तर कुंजी देखकर नियमानुसार अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।”

