देहरादून के प्रमुख दून अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की सुविधा के लिए प्रबंधन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। हाल ही में अस्पताल में पांच नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई हैं और इसके साथ ही तीन पुरानी व खराब व्हीलचेयरों की मरम्मत करवाकर उन्हें फिर से उपयोग के लायक बनाया गया है। अब अस्पताल में कुल उपलब्ध व्हीलचेयरों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है, जिससे आने वाले दिव्यांग और गंभीर मरीजों को काफी सुगमता होगी।
गौरतलब है कि आपके अपने समाचार फॉर यू डिजीटल मीडिया प्लेटफार्म ने दून अस्पताल में बिखरी स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को हो रही परेशानियों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, लिहाजा इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से यह त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। प्राचार्य डॉ. गीता जैन और एमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट ने स्वयं अस्पताल का निरीक्षण कर इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए थे।
पंखे और CCTV भी हुए अपग्रेड
व्हीलचेयर की व्यवस्था के अतिरिक्त, अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाने के लिए पुरानी बिल्डिंग में नए पंखे लगवाने का कार्य संपन्न किया है। इससे वार्डों और प्रतीक्षालयों में आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से पुराने सीसीटीवी कैमरों को ठीक करने और नए कैमरे लगाने का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन ने विशेष रूप से अस्पताल के ‘ब्लाइंड एरिया’ यानी उन कोनों की पहचान की है जहाँ पहले निगरानी कम थी, और अब वहां सीसीटीवी लगाने के साथ-साथ सुरक्षाकर्मियों को सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परिसर के भीतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

