देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। आपदा हो या खुशी, वह हमेशा परिवार के सदस्य की तरह राज्य की जनता के बीच खड़े रहते हैं। मुख्य सेवक सदन में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अब तक 28 बार उत्तराखंड आ चुके हैं। मुख्यमंत्री धामी ने खुद को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें सेवा का अवसर मिला है।
सरकार राज्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस विकास यात्रा के बीच उत्तराखंड को भूस्खलन, हिमस्खलन और बादल फटने जैसी कई प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही मैदानी क्षेत्रों में जलभराव जैसी कई भौगोलिक चुनौतियां भी सामने आईं।
सीएम धामी ने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद राज्य में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए। कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए दंगा रोकने और अवैध धर्मांतरण को रोकने के कड़े कानून बनाए गए। इसके अलावा मदरसा बोर्ड को समाप्त करने और राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन करने जैसे बड़े नीतिगत फैसले धरातल पर लागू किए गए हैं।
आर्थिक मोर्चे पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग आए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में अब तक एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश धरातल पर उतारा जा चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य के लिए राष्ट्रीय खेल कराना एक बड़ी चुनौती माना जाता था।
इसके बावजूद सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कराया है। सीमांत क्षेत्रों के विकास पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि आखिरी छोर के गांवों तक सड़कें पहुंचाई गई हैं। इस बुनियादी विकास की वजह से अब राज्य में ‘रिवर्स पलायन’ शुरू हो चुका है। जो लोग पहले रोजगार के लिए बाहर चले गए थे, वे अब अपने गांवों में लौट रहे हैं।
लोग कृषि, बागवानी और अन्य क्षेत्रों से जुड़कर स्वरोजगार को अपना रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी से जुड़े एक सवाल पर सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि उनके बीच प्रतिस्पर्धा जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने पूर्व सीएम तिवारी से राजनीति में बहुत कुछ सीखा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब नारायण दत्त तिवारी मुख्यमंत्री बने थे, तब उनके पास पूरे जीवन का अनुभव था। इसके विपरीत, जब उन्हें खुद यह जिम्मेदारी मिली, तब वह पूरी तरह नवोदित थे

