देहरादून में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

देहरादून में एसटीएफ उत्तराखंड और थाना बसंत विहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महादेव ऐप और रेड्डी अन्ना बेटिंग ऐप के जरिए लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे थे। गिरोह के तार दुबई से जुड़े बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड और इंटरनेट उपकरण समेत भारी मात्रा में डिजिटल सामग्री बरामद की है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में लचर स्वास्थ्य सेवा; समय पर एम्बुलेंस न मिलने से प्रसूता ने रास्ते में तोड़ा दम

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों को ऐप की यूजर आईडी और पासवर्ड दुबई से उपलब्ध कराए जाते थे, जिसके बाद ये लोग ग्राहकों को जोड़कर ऑनलाइन सट्टा खिलवाते थे। पुलिस को कई बैंक खातों में लेनदेन की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच जारी है। एसटीएफ और देहरादून पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मामले में थाना बसंत विहार में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।