नेपाल में भारतीय पर्यटकों के लिए नई समय सीमा; 30 दिन से ज्यादा रुकने पर वाहन होगा जब्त

ख़बर शेयर करें

नेपाल सरकार ने भारतीय पर्यटकों के लिए अपने देश में रुकने की अधिकतम अवधि 30 दिन निर्धारित कर दी है। नए नियमों के अनुसार, भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश के समय ही 30 दिनों का कस्टम शुल्क (भन्सार) जमा करना होगा। यदि कोई वाहन निर्धारित 30 दिनों की समय सीमा के बाद भी नेपाल में रुकता है, तो शुल्क अदा करने के बावजूद उसे वहां रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी और नेपाल प्रशासन द्वारा उस वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। प्रशासन अब वाहनों के आने-जाने और उनके रुकने की अवधि का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप में रखेगा ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान आसानी से की जा सके।

यह भी पढ़ें -  चारधाम यात्रा जाने वाले यात्री बरतें सावधानी;12 और 13 मई को खराब मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी

मालवाहक वाहनों और सीमावर्ती निवासियों के लिए विशेष प्रावधान

माल ढोने वाले ट्रकों और सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले भारतीयों के लिए अलग शुल्क और समय सीमा तय की गई है। भारतीय ट्रकों को नेपाल में प्रवेश करते समय 1700 रुपये (नेपाली मुद्रा) का शुल्क देना होगा और उन्हें सामान उतारकर दो दिनों के भीतर वापस भारत लौटना होगा। इसी तरह, भारत से माल लेकर नेपाल जाने वाले ट्रकों को 1500 रुपये नेपाली कस्टम देना होगा और उन्हें 72 घंटे के भीतर नेपाल की सीमा छोड़नी होगी; यदि वे इससे अधिक समय रुकते हैं, तो उन्हें 2500 रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा। राहत की बात यह है कि सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों को अपनी कार, जीप या बाइक से नेपाली बाजारों में जाने के लिए 12 घंटे तक की ‘फ्री’ सुविधा दी गई है, जिसके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा।