Nainital: 100 फीट गहरी खाई में गिरा हरियाणा के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर, 2 की मौत, 20 घायल

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली से मुक्तेश्वर जा रहा पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर मल्ला रामगढ़ के पास 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में हरियाणा के दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 अन्य यात्री घायल हो गए। भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से लगभग 1 किलोमीटर आगे मुक्तेश्वर रोड पर हुआ। वाहन में हरियाणा के फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र के कुल 22 लोग सवार थे। तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर मोड़ पर अचानक बेकाबू हो गया और पैराफिट तोड़ते हुए सीधे खाई में गिर गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: UPCL में बड़े बिजली बिल घोटाले का खुलासा, राज्य सूचना आयोग ने दिखाई सख्ती

घटना की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ भेजा गया। मामले की पुष्टि करते हुए सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 14 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक यश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: चारधाम यात्रा हेली सेवा से लेकर मंदिरों के कायाकल्प तक, CM धामी ने खोली वित्तीय तिजोरी

हादसे में घायल बल्लभगढ़ निवासी तुषार यादव ने बताया कि वाहन में सवार सभी यात्री बल्लभगढ़ और उसके आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। उन्होंने घटना का विवरण देते हुए बताया कि गाड़ी की रफ्तार बेहद तेज थी और मोड़ पर अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वाहन सीधे अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

इस भीषण दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों में मनीष कुमार (25 वर्ष), नंदिनी (22 वर्ष), तुषार कुमार (21 वर्ष), लक्ष्मी (27 वर्ष), मयंक (17 वर्ष), प्रदीप कुमार (26 वर्ष), रितिका (23 वर्ष), हर्ष वर्मा (26 वर्ष), पायल (22 वर्ष), आनंद (27 वर्ष), अजय (25 वर्ष), अंजलि (22 वर्ष), 10 माह की मासूम मिस्टी और 27 वर्षीय चालक यश कुमार शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand News: सरस्वती ताल और केदारताल के वैज्ञानिक सर्वे के लिए टीम रवाना, सचिव आपदा प्रबंधन ने दिखाई हरी झंडी

वर्तमान में अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का डॉक्टरों की देखरेख में गहन उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस ने हादसे में अपनी जान गंवाने वाले मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।