ताज होटल के गेट पर स्थानीय लोगों का धरना, ध्वनि प्रदूषण से परेशान लोगों ने खोला मोर्चा, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून का ताज होटल एक बार फिर स्थानीय लोगों के निशाने पर आ गया है। होटल में आयोजित होने वाले शादी-समारोहों और बारातों से होने वाले कथित ध्वनि प्रदूषण को लेकर आसपास के लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से परेशान स्थानीय लोगों ने इस बार होटल के गेट पर ही बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ताज होटल में आए दिन होने वाले शादी-समारोहों के दौरान तेज आवाज में बजने वाले डीजे, म्यूजिक और अन्य आयोजनों से आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि शादी-ब्याह के आयोजनों के नाम पर स्थानीय निवासियों की शांति और सुकून लगातार प्रभावित हो रहा है।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी मुद्दा उठाया कि होटल में लगातार बढ़ते आयोजनों और बड़ी संख्या में आने वाले मेहमानों के दबाव का असर आसपास के क्षेत्र पर पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय निवासियों के लिए सामान्य जीवन जीना भी मुश्किल होता जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  सिल्क्यारा सुरंग हादसे को याद कर भावुक हुए सीएम धामी, कहा- 41 श्रमिकों को बचाना था व्यक्तिगत संकल्प

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि होटल में होने वाले आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही देर रात तक होने वाले कार्यक्रमों पर निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें -  सवाल संजीदा है, अगर जिम्मेदार समझें, धस्माना ने कही बड़ी बात, पढिए खबर, सुनिए वीडियो

अब सवाल यह है कि आखिर राजधानी में बड़े होटलों और समारोह स्थलों के आयोजनों के बीच स्थानीय निवासियों के अधिकारों और उनकी शांति की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा? फिलहाल ताज होटल के गेट पर लोगों का विरोध प्रशासन के लिए एक बड़ा संदेश है कि विकास और भव्य आयोजनों के नाम पर आम नागरिकों की परेशानियों को अनदेखा नहीं किया जा सकता।