देहरादून। राजधानी देहरादून में E C रोड के एक ब्यूटी पार्लर के अंदर उस वक्त जमकर हंगामा हो गया, जब पार्लर के तथाकथित मालिक और एक महिला कर्मचारी के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि नौबत पुलिस तक पहुंच गई। पहले मालिक ने महिला कर्मचारी को कथित तौर पर धमकाया, लेकिन इस बार महिला कर्मचारी भी चुप रहने वालों में से नहीं थी। उसने भी बुलंद आवाज में मालिक की कथित बदसलूकी का खुलकर विरोध किया। देखते ही देखते पार्लर के भीतर ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ कि वहां मौजूद ग्राहक भी असहज हो गए।
मामला राजधानी के ई सी रोड स्थित एक चर्चित ब्यूटी पार्लर का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पार्लर में मालिक और महिला कर्मचारी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही तीखी बहस और हंगामे में तब्दील हो गई। आरोप है कि मालिक ने महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे धमकाने की कोशिश की। लेकिन महिला कर्मचारी ने भी दो टूक जवाब देते हुए अपने सम्मान और अधिकारों के लिए आवाज बुलंद कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम को देखकर पार्लर में मौजूद दूसरे कर्मचारियों और ग्राहकों ने भी आपत्ति जताई। माहौल इतना बिगड़ गया कि कुछ ग्राहक बिना सर्विस कराए ही पार्लर से वापस लौट गए। वहीं, विवाद बढ़ने के बाद कर्मचारियों ने पार्लर का कामकाज तक रोक दिया और मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंच गए। मामला बड़ा तो मालिक भी पार्लर से रफूचक्कर हो गया।।
इस विवाद की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। बताया जा रहा है कि पूरे मामले की शुरुआत ऋषिकेश में आयोजित एक शादी समारोह से हुई थी। शादी में महिला कर्मचारी द्वारा किए गए मेकअप और उसके भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद पैदा हुआ। देखते ही देखते मेकअप के पैसे से शुरू हुई बात कथित बदसलूकी, धमकी और फिर पार्लर के भीतर खुले टकराव तक पहुंच गई। सबसे दिलचस्प बात यह है कि विवादों से इस पार्लर का कथित मालिक पहले भी सुर्खियों में रह चुका है। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उक्त व्यक्ति पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने का वीडियो भी वायरल हुआ था । अब एक बार फिर महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर उसका नाम चर्चा में आ गया है।
फिलहाल इस पूरे मामले में महिला कर्मचारी की शिकायत और दूसरे पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है। पुलिस की जांच के बाद ही विवाद की असल वजह और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कामकाजी महिलाओं के साथ कार्यस्थल पर सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
मेकअप के पैसों से शुरू हुआ विवाद अब पार्लर की साख और मालिक के व्यवहार पर सवाल खड़े कर रहा है।

