नई दिल्ली। नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ उत्तराखंड के शीर्ष नेताओं की हुई एक अहम बैठक में प्रदेश से जुड़े दो बड़े मुद्दों पर सहमति बनी है। इस बैठक में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सांसद अनिल बलूनी ने प्रथम विश्व युद्ध के महानायक और विक्टोरिया क्रॉस विजेता वीर योद्धा दरबान सिंह नेगी को सम्मान देने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कर्णप्रयाग रेलवे स्टेशन का नाम दरबान सिंह नेगी के नाम पर रखने का औपचारिक प्रस्ताव रेल मंत्री के सामने रखा।
सांसद बलूनी ने रेल मंत्री को बताया कि चमोली जिले के कफारतीर गांव निवासी दरबान सिंह नेगी ने 1914 के प्रथम विश्व युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया था। उनकी इस असाधारण वीरता से प्रभावित होकर तत्कालीन ब्रिटिश सम्राट किंग जॉर्ज पंचम ने उन्हें विक्टोरिया क्रॉस से सम्मानित किया था।
बैठक में मौजूद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रेलवे विकास परियोजनाओं से प्रभावित स्थानीय परिवारों के मुआवजे का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रभावितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा वितरित करने की मांग की।
इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने श्रीनगर स्थित GDTI मैदान को स्थानीय जनता और खिलाड़ियों के लिए दोबारा बहाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह मैदान क्षेत्र के युवाओं की खेल गतिविधियों के लिए बेहद जरूरी है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के सभी जनप्रतिनिधियों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। रेल मंत्री ने कर्णप्रयाग रेलवे स्टेशन का नाम बदलने, प्रभावितों को मुआवजा देने और जीएंडटीआई मैदान की बहाली पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

