Kanwar Yatra 2026: 4.80 करोड़ शिवभक्तों ने गंगाजल उठा रचा इतिहास, बना नया रिकॉर्ड

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में 30 जुलाई से शुरू हुआ वार्षिक कांवड़ मेला मंगलवार को आस्था के अभूतपूर्व रिकॉर्ड के साथ संपन्न हो गया। इस वर्ष कांवड़ यात्रा में रिकॉर्ड 4 करोड़ 80 लाख 40 हजार शिवभक्तों ने पवित्र गंगाजल उठाया। मेले के अंतिम दिन मंगलवार को ही 36 लाख 62 हजार कांवड़िए हरिद्वार के विभिन्न घाटों से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 30 जुलाई से शुरू हुए इस विशाल आयोजन के दौरान हरिद्वार, कनखल, ज्वालापुर, सप्तऋषि और हरकी पैड़ी क्षेत्र में लगातार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। पूरी धर्मनगरी भगवामय नजर आई और दिन-रात ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: सड़क सुरक्षा फंड में जाएगी चालान की 60% राशि, जिलों में तैनात होंगे रोड सेफ्टी कोऑर्डिनेटर

देश के कोने-कोने से पहुंचे शिवभक्तों ने पैदल, डाक कांवड़ और गाड़ियों के माध्यम से अपनी यात्रा पूरी की। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार शाम 6 बजे तक ही 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार श्रद्धालु गंगाजल लेकर निकल चुके थे, जिसमें मंगलवार को 36.62 लाख नए श्रद्धालु और जुड़ गए।

यह भी पढ़ें -  Dehradun News: मुख्य सेवक सदन में CM धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

कांवड़ यात्रा के निर्विघ्न और सुव्यवस्थित समापन पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस भव्य आयोजन में करोड़ों शिवभक्तों की आस्था, अनुशासन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेला 2026 के सफल आयोजन में भागीदार बने देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतनी विशाल संख्या में भक्तों का आगमन भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः की परंपरा में उनके विश्वास को साबित करता है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: आयुर्वेदिक फार्मासिस्टों की वरिष्ठता 2012 से ही होगी मान्य- हाई कोर्ट..

मेला क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और ड्रोन व सीसीटीवी निगरानी के चलते इतनी बड़ी भीड़ का प्रबंधन सुरक्षित तरीके से संभव हो सका, जिसके बाद अब प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad