दून में कोकीन सप्लाई करने वाले ‘कोबरा गैंग’ का इंटरनेशनल ड्रग तस्कर जॉन दिल्ली से गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

देहरादून में पिछले कई सालों से सक्रिय कोकीन तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस ने आखिरकार कोबरा गैंग के मुख्य सरगना जॉन उर्फ जोसेफ उर्फ मारिस उर्फ एनडी ब्रदर को गिरफ्तार कर लिया है। माई सिटी रिपोर्टर के अनुसार, मूल रूप से अफ्रीका के कोटे डी आयवेरी देश का रहने वाला यह शातिर तस्कर पिछले कई वर्षों से अपने गुर्गों के माध्यम से देहरादून के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कोकीन की सप्लाई करवा रहा था।

इस नेटवर्क का भंडाफोड़ तब हुआ जब राजपुर पुलिस ने जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास से देवबंद के रहने वाले जावेद को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ रंगे हाथों दबोचा था। जावेद ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह यह कोकीन दिल्ली में छिपे जॉन से लेकर आया था, जिसे देहरादून के नामी कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को मोटी रकम में बेचा जाना था।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सख्त एडवाइजरी

इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर मुखबिर की सूचना पर जॉन को दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से धर दबोचा, जहां वह अपना वीजा समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से छिपकर रह रहा था। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, जॉन का नाम कोकीन तस्करी के मामलों में लंबे समय से सामने आ रहा था और पुलिस बीते दो सालों से उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

कई शिक्षण संस्थानों के छात्र रडार पर

गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ में जॉन ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे उत्तराखंड के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के छात्रों के नाम सामने आए हैं जो इसके सीधे संपर्क में थे। पुलिस अब इन सभी संदिग्ध छात्रों और उनसे जुड़े नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है, जिससे जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल ड्रग रैकेट के मामले में कई और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें -  भाजपा संगठन में बड़े बदलाव से बढ़ी मंत्री-विधायकों की बेचैनी, एंटी इनकंबेंसी से निपटने के लिए हाईकमान सख्त

जॉन के साथ कोकीन तस्करी में संलिप्त उसके कई विदेशी साथी पहले ही देहरादून पुलिस द्वारा जेल भेजे जा चुके हैं, और उसका वीजा समाप्त होने की आधिकारिक सूचना पुलिस द्वारा दिल्ली पुलिस को भी साझा कर दी गई है ताकि उसके अन्य नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।

स्मैक तस्कर मां-बेटा को किया गिरफ्तार

देहरादून पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में एक मां और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकप्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, नेहरू कॉलोनी पुलिस बुधवार रात को जोगीवाला चौक के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी जोगीवाला निवासी आसमा और उसके बेटे अर्श उर्फ छर्रा को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

यह भी पढ़ें -  नशा मुक्त दून बनाने के लिए शिक्षण संस्थानों में होगी ड्रग्स टेस्टिंग, DM ने दिए सख्त निर्देश

तलाशी लेने पर इन दोनों के पास से कुल 56.56 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी अर्श ने कबूल किया कि वह खुद नशे का आदी है और उसने यह स्मैक एक स्थानीय तस्कर से खरीदी थी, जिसे वह अपनी मां के साथ मिलकर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचता था।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े उनके अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है और प्रदेश में सक्रिय सभी थानों को नशे के कारोबारियों के खिलाफ बेहद गंभीरता से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad